Patna: गया पुलिस ने जिला स्तरीय टॉप-10 में शामिल 50,000/- रुपये के ईनामी कुख्यात अपराधकर्मी टिंकू सिंह उर्फ टिंकू कुमार उर्फ चोखा उर्फ सत्यनारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. वह कई कांडों में वांछित था. मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी के निर्देशानुसार अपराध नियंत्रण के लिए ईनामी अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था. टिंकू सिंह की गिरफ्तारी के लिए वजीरगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. विशेष टीम को सूचना मिली कि 50,000 रुपये का ईनामी अपराधी टिंकू सिंह वर्तमान में परैया थाना क्षेत्र में आया हुआ है. सूचना पर पुलिस टीम ने परैया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर टिंकू सिंह उर्फ टिंकू कुमार उर्फ चोखा उर्फ सत्यनारायण को गिरफ्तार किया.
किस कांड में था वांछित
अनुसंधान में पाया गया कि वह मुफस्सिल थाना (कांड संख्या-478/26) में दर्ज मामले में संलिप्त था. 11 जून को न्यू अबगीला पहाड़तल्ली क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी. इस मामले में पहले से 5 आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजे जा चुके हैं. गिरफ्तार टिंकू सिंह पर गया जिले के विभिन्न थानों में 19 मामले दर्ज हैं. जिनमें हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं SC/ST Act के मामले शामिल हैं. अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
