Patna: भागलपुर एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना ने फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह के एक अहम गुर्गे को सीतामढ़ी से दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार, सिमरा परसपट्टी, डुमरा, सीतामढ़ी का रहने वाला है. आरोपी पोर्टल के जरिए पूरे देश में फर्जी आधार, सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेज सप्लाई कर रहा था. मौके पर से लैपटॉप, मोबाइल और आधार कार्ड पुलिस ने बरामद किया है. आरोपी के नेटवर्क के तार कई राज्यों से जुड़े है.
मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर साइबर थाना को सूचना मिली थी कि एक पोर्टल के माध्यम से फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार कर देश के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं. भागलपुर एसएसपी SSP भागलपुर के निर्देश पर गुप्त सूचना, तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर टीम गठित की गई. सत्यापन के बाद टीम ने सीतामढ़ी में छापेमारी कर मनीष कुमार, पिता उमेश दास को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ. पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया.
कई राज्यों तक फैला नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्त के तार विभिन्न राज्यों में सक्रिय साइबर अपराधियों और फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क से जुड़े हैं. बरामद लैपटॉप और डिजिटल उपकरणों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है. इसके आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान कर छापेमारी जारी है.
पोर्टल से चल रहा था ‘फर्जीवाड़ा’
आरोपी एक पोर्टल संचालित करता था. इसी के जरिए फर्जी आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र जैसे सरकारी दस्तावेज तैयार कर देशभर में भेजे जा रहे थे. एक-एक दस्तावेज के लिए मोटी रकम वसूली जाती थी.
