Patna: बिहार में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने दो बड़ी एयरपोर्ट परियोजनाओं को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को अजगैबीनाथ धाम और सोनपुर/सारण में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए इनके निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों परियोजनाओं के काम आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं.
दोनों परियोजनाओं में 10 हजार करोड़ का निवेश
लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई समीक्षा बैठक में बताया गया कि अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पहले चरण में 3500 करोड़ रुपये, जबकि सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण में 6500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है. दोनों परियोजनाएं पीपीपी मोड पर विकसित की जाएंगी. राज्य सरकार एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण और कनेक्टिविटी की लागत वहन करेगी.
अजगैबीनाथ में बड़े विमानों के लिए बनेगा रन-वे
मुख्यमंत्री ने अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट के मास्टर प्लान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि एयरपोर्ट की आधारभूत संरचना और रन-वे को बड़े विमानों के संचालन के अनुकूल बनाया जाए. एयरपोर्ट के विकसित होने से मुंगेर, लखीसराय, जमुई, भागलपुर, बांका, खगड़िया और बेगूसराय समेत आसपास के जिलों को बेहतर हवाई सुविधा मिलने की उम्मीद है.
श्रावणी मेले के श्रद्धालुओं को भी मिलेगी सुविधा
अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट के निर्माण का लाभ धार्मिक पर्यटन को भी मिलने की संभावना है. खासकर श्रावणी मेले के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हवाई आवागमन आसान होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट के विकास से क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा.
सोनपुर एयरपोर्ट में कार्गो सुविधा पर जोर
सोनपुर/सारण एयरपोर्ट को भी बड़े विमानों के संचालन के अनुकूल विकसित करने का निर्देश दिया गया है. यहां कार्गो सुविधा के साथ बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है. प्रस्तावित एयरपोर्ट से बिहार के 22 जिलों के अलावा झारखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को भी हवाई संपर्क का लाभ मिलने की संभावना है.
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया होगी तेज
बैठक में बिहार रैयती भूमि क्रय नीति, 2026 के तहत दोनों एयरपोर्ट परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भू-अर्जन से जुड़ी प्रक्रियाओं में तेजी लाने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया.
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा नया आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों एयरपोर्ट परियोजनाएं केवल हवाई संपर्क बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि इनके माध्यम से पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा. बैठक में सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह सहित नगर विकास एवं आवास, पथ निर्माण, जल संसाधन, नागरिक विमानन समेत विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद थे.
