Ranchi: टंडवा थाना क्षेत्र में कोयला कंपनी पर फायरिंग और रंगदारी मांगने वाले राहुल दुबे गैंग के खिलाफ चतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 शूटरों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने मौके से हथियार, खाली खोखे और 32,800 रुपये नकद बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी में रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के सचिवालय कॉलोनी के रहने वाले विकास कुमार सिंह और भवानीपुर के रहने वाले राज ठाकुर का नाम शामिल है. पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उन्होंने बताया कि राहुल दुबे के इशारे पर उन्होंने घटना को अंजाम दिया था. रंगदारी की 50 हजार रुपये की मांग की गई थी. घटना के बाद 50 हजार रुपये स्वराज ठाकुर के अकाउंट में डाले गए थे.
हथियार बरामदगी के दौरान मुठभेड़
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को ग्राम- उरू मोड़ सुश्री चंद्रगुप्त कोल माईन प्राइवेट लिमिटेड के Security ऑफिस के पास अज्ञात बाईक सवार अपराधियों ने दहशत फैलाने और रंगदारी मांगने के उद्देश्य से फायरिंग की थी. इस दौरान Security गार्ड को भी गोली मारकर घायल कर दिया गया था. इस संबंध में टंडवा थाना (कांड संख्या 193/26) में मामला दर्ज किया गया. एसपी के निर्देश पर एसआईटी टीम का गठन किया गया. एसआईटी टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को दबोचा. पुलिस जब बरामदगी के लिए विकास कुमार सिंह को घटनास्थल ले जा रही थी, तभी उसने एसआईटी टीम के जवान के कमर से पिस्टल छीनकर गोली चला दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें विकास के पैर में गोली लगी. उसे इलाज के लिए टंडवा एनटीपीसी अस्पताल भेजा गया है. अन्य 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. फायरिंग में प्रयुक्त हथियार और राहुल दुबे गैंग के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है.
