Patna: सरकारी राइफल के साथ मनोरंजन आधारित गाने पर रील बनाकर निजी सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो डालना महिला सिपाही प्रियंका कुमारी को महंगा पड़ गया. मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद शिवहर एसपी ने महिला सिपाही संख्या-503 प्रियंका कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
बहन के साथ सरकारी राइफल लेकर बनाई थी रील
मिली जानकारी के अनुसार शिवहर जिला बल में कार्यरत महिला सिपाही प्रियंका कुमारी ने अपनी बहन के साथ सरकारी राइफल लेकर मनोरंजन आधारित गाने पर रील बनाई थी. इसके बाद वीडियो को अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया. मामले की जानकारी मिलते ही एसपी ने जांच का निर्देश दिया. जांच के दौरान महिला सिपाही के विरुद्ध लगाए गए आरोप सही पाए गए. इस संबंध में नवादा एसपी की ओर से भी जांच कर अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है. इसके बाद प्रियंका कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
सरकारी संपत्ति का प्रदर्शन सोशल मीडिया पर प्रतिबंधित, सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डीजीपी और बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से कर्तव्य स्थल पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. साथ ही किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी द्वारा निजी सोशल मीडिया पर सरकारी संपत्ति का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित है. इस मामले के बाद शिवहर जिला बल के सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल से संबंधित बिहार पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल और सोशल मीडिया पर उनके प्रदर्शन को लेकर जारी नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा.
