Ranchi: उरीमारी के सैनिक माइनिंग कंपनी गेट पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मी को गोली मारकर घायल करने के मामले में हजारीबाग पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य अंशु दुबे (22) को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर करमाटिला जंगल में हथियार बरामद करने पहुंची पुलिस टीम पर उसने अचानक फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी। घायल अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार अंशु दुबे की निशानदेही पर एक 7.62 एमएम पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, राहुल दुबे गिरोह के दो पर्चे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
रंगदारी नहीं देने पर सुरक्षाकर्मी को मारी थी गोली
पुलिस के अनुसार, 26-27 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे उरीमारी स्थित सैनिक माइनिंग कंपनी के गेट पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मी पर राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों ने जान मारने की नीयत से गोलीबारी की थी. बताया गया कि कंपनी द्वारा रंगदारी की रकम नहीं देने पर इस घटना को अंजाम दिया गया था. हमले में सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज रांची के अस्पताल में चल रहा है. घटनास्थल पर राहुल दुबे गिरोह का पर्चा भी फेंका गया था.
एसआईटी की जांच में अंशु दुबे की मिली संलिप्तता
इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी) थाना कांड संख्या 189/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को राहुल दुबे और गिरोह के अज्ञात हमलावरों के खिलाफ बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ बड़कागांव के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी. अनुसंधान के दौरान गढ़वा जिले के दुबे मराठिया निवासी अंशु दुबे की भूमिका संदिग्ध पाई गई. इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए उरीमारी ओपी लेकर आई.
पूछताछ में गिरोह से जुड़ाव और गोलीबारी में शामिल होने की बात स्वीकार की
पुलिस के मुताबिक, कड़ाई से पूछताछ करने पर अंशु दुबे ने खुद को राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया. उसने राहुल दुबे के कहने पर अलग-अलग स्थानों पर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की. साथ ही 26 अक्टूबर की रात उरीमारी में हुई गोलीबारी में भी गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ शामिल होने की बात बताई. उसने घटना में प्रयुक्त हथियार और बचे हुए पर्चे करमाटिला जंगल में छिपाकर रखने की जानकारी दी.
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर चलाई गोली
इसके बाद पुलिस टीम अंशु दुबे को साथ लेकर करमाटिला जंगल पहुंची. वहां हथियार बरामदगी की कार्रवाई के दौरान उसने अचानक पुलिस जवानों को धक्का दिया और छिपाकर रखे हथियार से पुलिस बल को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी. पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में थाना प्रभारी ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंशु दुबे के बाएं पैर में गोली लगी. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया.
