Ranchi: राजधानी राँची में किराये के फ्लैटों में बैठकर कथित तौर पर संगठित साइबर ठगी का नेटवर्क चलाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. सुखदेवनगर थाना क्षेत्र और पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ के आसपास स्थित दो अपार्टमेंट में छापेमारी कर पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग बालक को भी पकड़ा गया है. मौके से 7 लाख 98 हजार 100 रुपये नकद, 36 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 32 एटीएम कार्ड और साइबर गतिविधियों से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी में पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के कुमराडीह के रहने वाले रितिक कुमार सिंह, छकनाडीह के रहने वाले सुरज कुमार सिंह, अमनदीप कुमार, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के हारुडीह के रहने वाले अजीत कुमार मेहता उर्फ अजित कुमार कुशवाहा, ओरियाकला के रहने वाले अमित रजन,साहदु के रहने वाले अविनाश कुमार, मोरिया कला के रहने वाले राजकमल वर्मा, ओरिया के रहने वाले रंजीत कुमार, महरजा के रहने वाले सत्यम कुमार वर्मा औऱ गढ़वा जिले क उचरी के रहने वाले सूरजदेव कुमार का नाम शामिल है. इसके अलावे एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है.

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ने बताया कि एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि पिस्का मोड़ के आसपास स्थित पराशर अपार्टमेंट और जतरा मैदान के निकट मालती अपार्टमेंट के किराये के फ्लैटों में रहकर कुछ लोग संगठित रूप से साइबर ठगी कर रहे हैं. सूचना पर कोतवाली एएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपार्टमेंट में छापेमारी की और कथित साइबर ठगी गिरोह से जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. एक नाबालिग बालक को भी पकड़ा गया. पुलिस ने मौके से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और विभिन्न व्यक्तियों के नाम से जुड़े दस्तावेजों को जब्त किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज और कथित लेन-देन का हिसाब-किताब मिला. बरामद सामान में 36 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, विभिन्न बैंकों के 32 एटीएम कार्ड, पांच पासबुक और एक चेकबुक शामिल हैं. इसके अलावा पांच आधार कार्ड, 12 सिम कार्ड, आठ पैन कार्ड, तीन ड्राइविंग लाइसेंस, एक एनपीएस प्रान कार्ड और एक माइक्रो एसडी कार्ड भी जब्त किया गया. पुलिस ने नाम, मोबाइल नंबर और कथित हिसाब-किताब दर्ज 25 नोटबुक के साथ एयरटेल पेमेंट बैंक के दो स्मार्ट स्पीकर/रिसीवर उपकरण भी बरामद किए हैं. मौके से एक पल्सर बाईख भी जब्त की गई है. इस मामले में साइबर अपराध थाना (कांड संख्या 252/26) में मामला दर्ज किया गया है. राँची पुलिस मामले की जांच कर रही है. बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंकिंग दस्तावेजों और नोटबुक के आधार पर कथित साइबर ठगी के नेटवर्क तथा लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed