Ranchi: हजारीबाग जिले की पद्मा ओपी पुलिस ने अलीनगर रोड पर देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (JH01AR-9702) को जब्त कर उसमें निर्दयता से बांधकर रखी गई चोरी की चितकबरे रंग की गाय को सुरक्षित बरामद किया है. मौके से तीन शातिर मवेशी तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग जिले के सदर थाना क्षेत्र के बड़गांव निवासी मो शाबीर कुरैशी, रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के मुदरी चौक के रहने वाले मो मिन्हाज और बंगाल के पुरुलिया जिले के आदरा निवासी मो. मकबूल अंसारी का नाम शामिल है. इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य मामले में पोक्सो/अपहरण केस के वांछित आरोपी को भी बिहार से गिरफ्तार किया है.
पिछली सीट हटाकर रस्सियों से बांध रखी थी गाय
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि देवचंदा मोड़ (बरही रोड) से एक स्विफ्ट डिजायर कार में चोरी की गाय लादकर तीन व्यक्ति ले जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पद्मा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने अलीनगर मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया. पुलिस को देखते ही कार चालक गाड़ी को अलीनगर रोड की तरफ भगाने लगा, जिसे सशस्त्र बलों की मदद से घेराबंदी कर रोक लिया गया. गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिसकर्मी दंग रह गए—कार की पिछली सीट को पूरी तरह हटाकर एक चितकबरे रंग की गाय को चारों पैरों में रस्सी बांधकर बेहद क्रूरता से रखा गया था.
पूछताछ में तस्करों ने कबूला गुनाह
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने अपना गुनाह स्वीकार करते हुए बताया कि वे घूम-घूमकर रास्ते में मिलने वाली गायों को गाड़ी में लाद लेते थे और कसाईखाने (बूचड़खाने) में ले जाकर बेच देते थे. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पद्मा (बरही) थाना (कांड संख्या 342/26) में मामला दर्ज किया है.
अपहृता की बरामदगी के साथ पोक्सो आऱोपी भी गिरफ्तार
एक अन्य सफलता में, पद्मा ओपी पुलिस ने कांड संख्या 335/2026 (धारा 137(2)/87 BNS) के तहत कार्रवाई करते हुए बिहार के भोजपुर जिले के ग्राम- शिवपुर (थाना- धनगाई) से नाबालिग पीड़िता/अपहृता को सुरक्षित बरामद कर लिया है. इस मामले के प्राथमिकी आरोपी सूरज सिंह उर्फ सूरज यादव (28 वर्ष), पिता- तेजबली सिंह को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
