Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को संकल्प सभागार, लोक सेवक आवास में समाज कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में अपर मुख्य सचिव एच०आर० श्रीनिवास ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग की योजनाओं की अद्यतन स्थिति रखी. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि जन कल्याण के कार्यों को पूरी संवेदनशीलता से करना है, इससे लोगों का जीवन बदलेगा. मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश दिया कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के खातों में राशि का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए. इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए.
आंगनबाड़ी पर टेक्नोलॉजी से नजर, 100% उपस्थिति जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर दी जाने वाली सेवाओं की तकनीक के माध्यम से गहन निगरानी की जाए. सेविका/सहायिका तथा शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र जितना अच्छा बनेगा, बच्चों का विकास उतना ही अच्छा होगा. आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से सहयोग प्राप्त करने की संभावनाओं पर काम करने को कहा. राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
स्टंटिंग-वेस्टिंग घटाना टॉप प्रायोरिटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्टंटिंग एवं वेस्टिंग के आंकड़ों में सुधार करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए परवरिश योजना सहित अन्य सामाजिक कल्याण योजनाओं के दायरे का विस्तार कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि योजनान्तर्गत दिये जाने वाले लाभ को बढ़ाने के लिए पुनः समीक्षा की जाए. साथ ही समाज कल्याण विभाग में रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई तेज की जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं समयबद्ध निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके.
