Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को मीठापुर-महुली फोरलेन एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मीठापुर फ्लाईओवर गोलंबर पर रुककर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि मीठापुर-महुली एलिवेटेड का निर्माण सिपारा पुल के ऊपर से होगा और यहां पर आकर मिलेगा. मीठापुर-महुली फोरलेन एलिवेटेड रोड में मीठापुर रेलवे क्रासिंग के पास दोनों तरफ सर्विस रोड होगा.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मीठापुर-महुली एलिवेटेड पथ के बचे हुए कार्य को तेजी से पूर्ण करें. इससे लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी, बाईपास में लगनेवाले जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी. पटना तथा पटना के बाहर जानेवाले लोगों को भी काफी सहूलियत होगी.
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने पुनपुन सस्पेंशन ब्रिज के निर्माण कार्य का जायजा लिया. मुख्यमंत्री पुनपुन घाट पर भी गए और वहां किए गए सौंदर्योर्गीकरण कार्य का भी जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनपुन घाट तक अब लोग आसानी से पहुंच सकेंगे और उन्हें पिंडदान करने में सहूलियत होगी. उनकी सारी सुविधाओं का ख्याल रखा गया है. उन्होंने कहा कि हमारा इस क्षेत्र से पुराना लगाव है. हम हमेशा इधर आते रहे हैं. लोगों की सुविधाओं के लिए हम लगातार कार्य में लगे रहते हैं.
मुख्यमंत्री ने महुली में बिहटा सरमेरा पथ तथा पटना-गया-डोभी पथ के क्रॉसिंग प्वाइंट अंडर पास के समीप रूककर निर्माणाधीन सर्विस रोड का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस सर्विस पथ के निर्माण से बिहटा-सरमेरा पथ का पटना-गया-डोभी पथ से लिंक हो जाएगा.
मुख्यमंत्री ने पटना-गया पुराने पथ की स्थिति का भी जायजा लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *