Ranchi: कोलेबिरा थाना क्षेत्र के कॉलेज टोली में मारपीट और स्कूटी क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दूसरे आरोपी लक्ष्मी प्रसाद उर्फ सत्यदेव प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले पुलिस इस मामले के प्राथमिक आरोपी जगन्नाथ प्रसाद उर्फ जग्गू प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है.
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को अपराह्न करीब 4:30 बजे कॉलेज टोली में वादिनी के पति के साथ मारपीट की घटना हुई थी. आरोप है कि जगन्नाथ प्रसाद उर्फ जग्गू प्रसाद ने उनके साथ मारपीट की. मारपीट के दौरान गिर जाने के बाद भी लात-घूंसों से हमला करने का आरोप है. इसके बाद वादिनी के भाई लक्ष्मी प्रसाद को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां दोनों के द्वारा मारपीट किए जाने की बात आवेदन में कही गई है. घटना में वादिनी के पति के पैर में गंभीर चोट व फ्रैक्चर तथा सिर में चोट लगने का भी उल्लेख किया गया है. आरोपियों पर स्कूटी को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप है. मामले को लेकर 21 सितंबर को वादिनी के लिखित आवेदन के आधार पर कोलेबिरा थाना (कांड संख्या-62/26) में मामला दर्ज किया गया. सिमडेगा एसपी के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले जगन्नाथ प्रसाद उर्फ जग्गू प्रसाद को गिरफ्तार किया था. वहीं, मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में पुलिस टीम ने लक्ष्मी प्रसाद उर्फ सत्यदेव प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने वादिनी एवं उनके पति के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने की बात स्वीकार की है.
