Patna: राजधानी पटना में चर्चित व्यवसायी गोपाल खेमाका की हत्या मामले में गांधी मैदान थाना (कांड सं0-391/25) मामला दर्ज किया गया है. वही मामले के उद्भेदन के लिए सिटी एसपी मध्य के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी की टीम मामले की जांच में जुट गई है. घटनास्थल के आस-पास अपराधकर्मी के पहचान के लिए सीसीटीवी जांच कर अपराधियों की पहचान की जा रही है. अपार्टमेंट गेट के नजदीक घात लगाकर बैठे अपराधी द्वारा गोली मारे जाने की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है. बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड की योजना बेउर जेल में बनी थी. पुलिस की टीम शनिवार को बेउर जेल में दबिश दी है. जिसमें 3 मोबाईल (सिम सहित), एक डाटा केबल, एवं कागज पर लिखा हुआ मोबाईल न० की सूची एवं अन्य उपकरण बरामद किया गया है. वही परिवार की सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी प्रतिनियुक्त किया गया है.
आईजी बोले अपराधियों का लगा है सुराग
पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा, एसएसपी कार्तिकेय शर्मा समेत अन्य अधिकारी शनिवार को मौके पर पहुंच जांच की. व्यवसायी के कार का जांच किया गया. आईजी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की घटा से जांच कर रही है अपराधियों का सुराग लगा है. पूर्व में हुई घटना के बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.
कारोबारी हत्याकांड के बाद सीएम ने की हाईलेवल मीटिंग
राजधानी पटना में कारोबारी हत्याकांड के बाद सीएम ने हाईलेवल मीटिंग की. सीएम नीतीश कुमार शनिवार को 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में
डीजीपी एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ विधि व्यवस्था को लेकर हाईलेवल समीक्षा बैठक की. सीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतें. लापरवाही बरतनेवाले पदाधिकारियों और पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. सीएम ने उद्योगपति गोपाल खेमका की हुई हत्या के संबंध में डीजीपी से विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने कहा कि अपराध के कारणों की पूरी तहकीकात कर दोषी की पहचान करें और बिना किसी भेदभाव के उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें. यदि आपराधिक घटना के पीछे किसी प्रकार की साजिश है तो उसकी भी जांच की जाय और जांचोपरांत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाय.
सीएम ने कहा कि विधि व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराध करनेवाले कोई भी हों, उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाय. उन्होंने कहा कि घटित आपराधिक घटनाओं के अनुसंधान कार्यों में तेजी लाये और इसे ससमय पूर्ण करें ताकि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई हो सके. कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिये पुलिस और प्रशासन पूरी मुश्तैदी से कार्य करें.
घर लौटने के दौरान अपार्टमेंट के गेट पर अपराधियों ने मारी गोली, 6 वर्ष पूर्व हुई थी बेटे की हत्या
बता दे कि राजधानी पटना में में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए जाने-माने उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी. गोपाल खेमका पर रात को 11 से 11.30 बजे के बीच फायरिंग की गई थी. अपराधियों को इसकी जानकारी पहले से थी. तभी अपराधी अपार्टमेंट के नजदीक लौटने का इंतजार कर रहा था. गोपाल खेमका का अपार्टमेंट कटारुका निवास से गांधी मैदान थाना नजदीक है. घटना-स्थल पर पुलिस भी देर से पहुंची. गोपाल खेमका बांकीपुर क्लब से खुद कार ड्राइव कर घर लौट रहे थे. जैसे ही वे अपने अपार्टमेंट के गेट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी. आनन-फानन में परिजन मेडिवर्सल अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक गोपाल खेमाका के बेटे गुंजन खेमका का 6 साल पहले हत्या कर दिया गया था.
