Ranchi: गुम और चोरी हुए मोबाइल वापस दिलाने में बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना के निर्देश पर जिले के सभी थाना, ओपी प्रभारियों ने CEIR पोर्टल का इस्तेमाल कर 30 जुलाई से 24 अगस्त तक कुल 78 मोबाइल बरामद किए. इन सभी मोबाइल को मंगलवार को वास्तविक धारकों को सौंप दिया गया.
4 महीने में 567 मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार बीते 4 माह में बोकारो जिले में कुल 567 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किया जा चुका है. बरामदगी चास, बेरमो, तेनुघाट, नगर और बोकारो मुख्यालय क्षेत्र में की गई है. मोबाइल चोरी के संबंध में 3 मामले दर्ज कर अनुसंधान भी शुरू किया गया है.
आमजनों से अपील
पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि अगर किसी का मोबाइल गुम होता है या चोरी हो जाता है तो तुरंत नजदीकी थाना को सूचित करें और सरकार द्वारा जारी CEIR पोर्टल पर जाकर वांछित विवरणी भरें. यदि खोया या चोरी का मोबाइल किसी अन्य व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किया जाता है तो इसकी सूचना थाना एवं आवेदक को चली जाएगी.
