Ranchi: पाकुड़ में एसपी प्रभात कुमार ने शनिवार को थानेदारों के साथ क्राइम मीटिंग की. हाल के दिनों में टाउन थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटना और ससमय उद्भेदन नही होने पर टाउन थाना प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई. और अविलंब चोरी की घटनाओं पर अकुंश लगाने का निर्देश दिया. डकैती, लूट, छिनतई, चोरी, गृहभेदन जैसे घटनाओं पर अकुंश लगाने का सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया. थाना, ओपी में लंबित सभी कांडों का विस्तृत समीक्षा करने एवं कांड में प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित अनुसंधानकर्ता के विरुद्ध अनुशासनिक कारवाई के लिए डीएसपी, एसडीपीओ व प्रभाग के पुलिस निरीक्षक से प्रतिवेदन मांगा गया है.
विगत दिनों में अवैध कोयला चोरी के विरुद्ध चलाए गए छापामारी अभियान के पश्चात कोयला चोरी में कमी आई है. छापामारी अभियान नियमित रूप से चलाए जाने का निर्देश दिया गया. अवैध खनन के विरुद्ध जिला खनन टास्क फोर्स द्वारा चलाए जा रहे अभियान में पर्याप्त सुरक्षाबल उपलब्ध कराते हुए सभी आवश्यक सहयोग के लिए निर्देशित किया गया. पेट्रोलिंग पार्टी का अनावश्यक रूप से एक ही स्थान पर खड़े नहीं रहने बल्कि मुस्तैदी के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर एवं जगह बदल-बदल कर वाहन इत्यादि की सघन जांच करने का निर्देश दिया गया. थाना में लंबित वारंट, परिवाद, पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र सत्यापन से संबंधित लंबित मामलों को एक सप्ताह के अंदर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. सड़क दुर्घटना के नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर प्रतिदिन नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. आगामी 16 अप्रैल को पाकुड़ जिले के टाउन थाना, महेशपुर थाना, लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में पुनः आयोजित होने वाले जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के संबंध में व्यापक रूप से प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया है.
