Ranchi: उरीमारी क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में पहुंचे राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामगढ़ कैंट के गोलपार निवासी निर्मल पंडित उर्फ सुमित (25) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 7.62 एमएम की चार जिंदा गोलियां, एक मोबाइल और एक बाइक बरामद की है. स्वीकारोक्ति बयान में आरोपी ने राहुल दुबे गिरोह का सदस्य होने और उरीमारी में किसी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से आने की बात स्वीकार की है. इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी) थाना (कांड संख्या 196/26) में मामला दर्ज की गई है.

मोबाइल में पिस्टल के साथ मिलीं तस्वीरें

हजारीबाग एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह का एक सक्रिय सदस्य बाइक से गिद्दी टेहराटांड़ होते हुए उरीमारी पहुंचने वाला है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई. टीम ने गरसुल्ला स्थित उरीमारी-गिद्दी बॉर्डर की पुलिया के पास घेराबंदी कर दी. इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को बाइक से आते देखा और उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपनी पहचान निर्मल पंडित उर्फ सुमित के रूप में बताई. रात में उरीमारी आने का संतोषजनक कारण नहीं बता पाने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली. इस दौरान उसके पास से चार जिंदा गोलियां और एक मोबाइल बरामद हुआ. आरोपी के मोबाइल की गैलरी और प्राइवेसी सेटिंग में पिस्टल के साथ पोज देते हुए उसकी कई तस्वीरें मिलीं. पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामान जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed