Patna: बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत कौशल विकास मिशन के अंतर्गत तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्वास्थ्य एवं रोजगार मेला का आयोजन करने जा रहा है. मई महीने की 25, 26 और 27 तारीख को पटना के गांधी मैदान के पास मौजूद ज्ञान भवन में किया जाएगा. इस मामले में विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर का कहना है कि इस रोजगार मेले के माध्यम से लगभग 20 हजार युवाओं को ऑन स्पॉट रोजगार मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है.

सचिव ने बताया कि मेले की तैयारी विभागीय स्तर पर तेजी से चल रही है. अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड से लेकर मुख्यालय स्तर तक के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि यह मेला युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में देश की कई बड़ी और प्रतिष्ठित संस्थाएं भाग लेंगी. इनमें अपोलो हॉस्पिटल, फोर्ड हॉस्पिटल, एमजीएम कॉलेज, मेडीमिक्स हेल्थकेयर और केयर फर्स्ट समेत सौ से भी अधिक नामचीन संस्थान शामिल हैं. विभाग के अनुसार युवाओं को देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. मेले में एएनएम, जीएनएम, नर्सिंग, मैन्युफैक्चरिंग, प्रोडक्शन, होम अटेंडेंट और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट जैसे विभिन्न पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं, 12वीं, बीएससी, बीकॉम, नर्सिंग, बी. फार्मा, एम. फार्मा, आईटीआई, डिप्लोमा, मास्टर्स, पीएचडी, नेट क्वालीफाई और जीडीए योग्यता वाले युवा भाग ले सकेंगे. विभाग ने युवाओं से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होने की अपील की है.

पंजीकरण के लिए अभ्यर्थी https://detjob.bihar.gov.in/registration पर जाकर अथवा विभाग के स्तर से जारी क्यूआर कोड स्कैन कर आवेदन कर सकते हैं. इस मामले में अधिक जानकारी के लिए टॉल फ्री नंबर 18002965656 पर भी संपर्क किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed