Ranchi: कोडरमा के तिलैया बस्ती से लापता बच्चा तीन माह बाद गया रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया गया है. बरामद बच्चा 11 वर्षीय करण कुमार तिलैया थाना क्षेत्र के तिलैया बस्ती, वार्ड नं0 02 का रहने वाला है. गायब बच्चा का बरामद करने में गठित विशेष टीम के प्रत्येक सदस्यों का मनोबल बढाये जाने के लिए पुलिस पदाधिकारी को 2000-2000 रूपये एवं आरक्षियों को 1000-1000 रूपये से पुरस्कृत किया गया है.
मामले की जानकारी देते हुए कोडरमा एसपी ने बताया कि वादिनी प्रियंका देवी ने 22 दिसंबर 2025 को तिलैया थाना में लिखित रूप से सूचित किया कि उनका बेटा करण कुमार अपने घर से दो हजार रूपया ले लिया था. जिसके कारण उसे डांट फटकार की थी, जिससे नाराज होकर वह 5 दिसंबर 2025 को करीब 08.30 बजे घर से निकलकर कहीं चला गया है, काफी खोजबीन करने के बाद भी कुछ पता नहीं चल पा रहा है. वादिनी के आवेदन के आधार पर तिलैया थाना (कांड सं0-390/25) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता के मद्देनजर गायब हुए बच्चा की सकुशल बरामदगी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम गायब बच्चा करण कुमार की सकुशल बरामदगी के लिए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों का संकलन प्रारंभ किया. इस क्रम में गठित टीम द्वारा आस-पास के रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप, विभिन्न दुकानों एवं संभावित स्थानों पर भौतिक रूप से जाकर खोजबीन किया. तथा सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से खंगाला. इसी क्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रोनिक तथा सोशल मीडिया के माध्यम से गायब बच्चा के बारे में सूचना देने के लिए वृहत रूप से प्रचार-प्रसार किया गया. साथ ही आसपास के थानों को गायब बच्चा का फोटो एवं हुलिया उपलब्ध कराते हुए उनसे अपेक्षित सहयोग करते हुए बच्चे के पता करने का अनुरोध किया गया. इस क्रम में सीडब्लूसी, जीआरपी, आरपीएफ से पुलिस पुलिस टीम लगातार संपर्क बनाये रखकर बच्चा का सुरक्षित बरामदगी के लिए प्रयासरत रही. पुलिस टीम द्वारा गायब हुए बच्चे का हुलिया सहित फोटो आसपास केरेलवे स्टेशन, बस स्टॉप, बाजारों, दुकानों में चस्पा किया गया. अंततः अथक सार्थक प्रयास के दौरान बीते रात सूचना मिली कि गायब बच्चा करण कुमार गया रेलवे स्टेशन पर देखा गया है. सूचना पर गठित विशेष टीम तत्काल गया रेलवे स्टेशन पहुँची एवं बच्चा को सकुशल बरामद कर उसकी पहचान अभिभावक से करायी गयी तथा बच्चा को तिलैया लाया गया.
