Patna: बिहार के जमुई जिले के प्रतापपुर गांव में पूर्व का मुकदमा उठाने की धमकी देने और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी में सचिन कुमार, प्रेम कुमार और गौरव कुमार का नाम शामिल है. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने तीनों आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. दूसरी ओर, आरोपियों की पिटाई करने के मामले में भी पुलिस ने 40-50 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

केस उठाने का दबाव बनाया, विरोध पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे प्रतापपुर गांव में कपिल यादव के घर के पास तीन युवक पहुंचे. उनकी पहचान सचिन कुमार, प्रेम कुमार और गौरव कुमार के रूप में हुई है. तीनों ने कपिल यादव पर पूर्व का एक मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया. इस दौरान उसके साथ मारपीट कर उसे जख्मी कर दिया और उस पर गोली भी चलाई. फायरिंग की घटना के बाद धीरे-धीरे 40 से 50 ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने तीनों आरोपियों को खदेड़ना शुरू किया. आरोपी गोली चलाते हुए मरवा पहाड़ की तरफ भागे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तीनों की जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई पहुंचाया. कपिल यादव के लिखित आवेदन पर जमुई थाना (कांड संख्या 529/26) में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम कुमार गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है.

आरोपियों की पिटाई करने वाले ग्रामीणों पर भी FIR

इस घटना का दूसरा पहलू भी सामने आया है. घायल सचिन कुमार के आवेदन पर पुलिस ने 40 से 50 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ जमुई थाना (कांड संख्या 530/26) में मामला दर्ज किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed