Ranchi: जमशेदपुर जिले के जमशेदपुर में अवैध हथियारों के साथ घूम रहे तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है. इनमें दो युवक गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा गोली, एक अतिरिक्त मैगजीन, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी में मो0 अयान आलम और मो0 सादिक आलम का नाम शामिल है. दोनो आरोपी बर्मामाईन्स का रहने वाला है.

पुलिस के अनुसार, जमशेदपुर एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंटेनर यार्ड स्थित पास्ता साइडिंग के आसपास एक बाइक पर सवार तीन युवक अवैध हथियार और गोलियों के साथ घूम रहे हैं. सूचना में आशंका जताई गई थी कि वे किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. इसके बाद सिटी डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई. पास्ता साइडिंग के पास पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें बाइक समेत पकड़ लिया. पुलिस की तलाशी में मो. अयान आलम के पास से एक देशी पिस्टल मिली. वहीं, मो. सादिक आलम के पास से पिस्टल की एक मैगजीन और उसमें दो जिंदा गोली बरामद किए गए. इसके अलावा, एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक के पास से दूसरी देशी पिस्टल और एक मोबाइल फोन मिला. पुलिस ने हथियारों के साथ इस्तेमाल की जा रही बाइक (JH05DN 7984) भी जब्त कर ली.

कपाली के आबिद से हथियार खरीदने की बात

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीनों से पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित तौर पर बताया कि दोनों देशी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और दो गोलियां कपाली के मो. आबिद से 97 हजार रुपये में खरीदी थीं. पुलिस इस जानकारी के आधार पर हथियारों की खरीद-बिक्री के स्रोत और मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. इस मामले में बर्मामाइंस थाना (कांड संख्या 61/26) में मामला दर्ज किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *