Ranchi: रांची जिले के सिल्ली-मुरी ओपी क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो को गिरफ्तार किया है. आरोपी मारदू गांव का रहने वाला है. पुलिस ने घटनास्थल से किशोरी का मोबाइल, चप्पल और कपड़े समेत कई सामान बरामद किए हैं.

घर से निकली किशोरी देर शाम तक नहीं लौटी

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को किशोरी के पिता ने मुरी ओपी में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बड़ी बेटी दोपहर करीब दो बजे पांच मिनट में लौटने की बात कहकर घर से निकली थी. देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे पिता ने मुरी ओपी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी. पिता के फर्द बयान के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ सिल्ली-मुरी ओपी (कांड संख्या 66/26) में मामला दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिल्ली डीएसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई. खोजबीन के दौरान 18 अक्टूबर की रात करीब 9:35 बजे मारदू गांव के छापरगढ़ा स्थित जंगल-झाड़ियों के बीच किशोरी का शव बरामद किया गया. पुलिस टीम ने घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए. इन साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपी ने किशोरी को फोन कर बुलाने, उसके साथ आए छोटे भाई को पत्थर से मारकर घायल करने और किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात स्वीकार की है. पुलिस मामले में दुष्कर्म और हत्या समेत अन्य आरोपों की जांच कर रही है. आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किए गए.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *