Patna: सुपौल जिले में नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी कर 10 नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया है. इस कार्रवाई के दौरान 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें नौ महिलाएं भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, मुक्त कराई गई बालिकाओं की पारिवारिक पृष्ठभूमि का सत्यापन कराया जा रहा है. गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र कुमार, विवेक कुमार, सुधांशु कुमार, इमाम अंसारी, सोनू कुमार, विकास कुमार और राजेश महता उर्फ राजेश जी शामिल हैं. इसके अलावा नौ महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में छपरा, सीवान और सुपौल सहित विभिन्न जिलों के आरोपी का नाम शामिल हैं.

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को जिले में ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर नाबालिग बालिकाओं से काम कराने की सूचना मिली थी. इसके बाद सुपौल एसपी के निर्देश पर डीएसपी विशेष अपराध-सह-साइबर के नेतृत्व में एएचटीयू, एसजेपीयू और महिला थाना की पुलिस टीम को शामिल करते हुए विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान 10 नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया गया, जबकि मामले में संलिप्त 16 आरोपियों को हिरासत में लिया गया. पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य नाबालिग बालिकाओं को संभावित शोषण से बचाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है. मुक्त कराई गई बालिकाओं की पारिवारिक पृष्ठभूमि का सत्यापन कराया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed