Ranchi: बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के डीवीसी कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या एफ/डी-05 में हुई दिनदहाड़े बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी गए लाखों रुपये के जेवरात व अन्य सामान बरामद किए हैं. गिरफ्तार आऱोपी में मो दानिश और शाहिल उर्फ कारू का नाम शामिल है. दोनो आरोपी चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. इसके अलावे एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है. आरोपी के पास से 04 गोल्डन रंग के कड़े, 11 गोल्डन रंग के कंगन, 24 पीस गोल्डन रंग की चूड़ियां, 01 गोल्डन रंग का मंगलसूत्र, 01 नथिया, अंगूठी (17 पीस), कान का झुमका (13 जोड़ा), नोज पिन और कमरबंद (पीला रंग) सहित कई समान पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29.09.2026 को दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने उक्त क्वार्टर से करीब 40 लाख रुपये के जेवर और 1 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे. इस संबंध में चंद्रपुरा थाना (कांड संख्या- 112/26) में मामला दर्ज किया गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए बोकारो एसपी के निर्देशानुसार बेरमो, तेनुघाट के एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था. अनुसंधान और छापामारी के क्रम में पुलिस ने सबसे पहले रोहित कुमार (22 वर्ष) और विजय कुमार (22 वर्ष) को कमला माता मंदिर पहाड़ी के पास से गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर कुछ चांदी के सामान और नकदी बरामद की गई थी. इसके बाद की गई आगे की छापामारी में दिनांक तीन अन्य संलिप्त अपराधियों मो. दानिश, शाहिल उर्फ कारू और एक विधि विरुद्ध किशोर को गिरफ्तार किया. इनकी निशानदेही पर कांड में चोरी गए अन्य सभी सामानों को भी बरामद कर लिया गया है.
