Ranchi: कोडरमा जिले के सतगावां थाना पुलिस ने लग्जरी वाहन से रेकी कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चार अपराधी को धनबाद के गोविन्दपुर से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी आरोपी में धनबाद जिले के गोविन्दपुर थाना क्षेत्र के घोरटोप्पा के रहने वाले मोकिम अंसारी उर्फ बबलू अंसारी, मोकिम अंसारी, चंदोडीह के रहने वाले अनवरूल अंसारी उर्फ राजा और जंगलपुर के रहने वाले खालीद अनवर का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर स्कॉरपियों (JH-12J-0925), स्वीफ्ट कार (JH-10CH-8960), 3 मोबाइल और 6850 रुपये पुलिस ने बरामद किया है. गुरुवार को घटना की जानकारी देते हुए कोडरमा एसपी ने बताता कि 17 व 20 दिसम्बर को सतगांवा थाना क्षेत्र के ग्राम-अंगार एवं दोनैया से नल-जल योजना का रखा हुआ कुल- 148 पीस लोहे का पाईप रात में अज्ञात चोरो ने चोरी कर लिया था. इस संबंध में कम्पनी के सुपरवाईजर चन्द्रशेखर कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर सतगांवा थाना (कांड संo -108/2024) में मामला दर्ज कर कांड अनुसंधान प्रारंभ किया गया. कांड की गंभीरता को देखते हुए कांड के उद्भेदन एवं अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ व डोमचांच पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित विशेष टीम लगातार छापामारी कर गुप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर चार अपराधी को धनबाद जिले के गोविन्दपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अपराधियों ने इस घटना में अपनी संलिप्ता स्वीकार किया. पूछताछ के क्रम में बताया गया कि ये लोग घटना के पहले रैकी कर जगह चिन्हित करने के उपरांत प्लान के तहत ट्रक मंगवाकर पाईप की चोरी करते है. पाईप लोड करने वाले मजदूरों को प्रति मजदूर 1500-1500 रूपया दिया जाता है तथा मजदूर को जिस गाड़ी से लाया जाता है उस वाहन मालिक को 10,000 रूपया अलग दिया जाता है. इस घटना में अन्य आरोपी की संलिप्ता की जानकारी पुलिस को मिली है. जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. मोकिम अंसारी उर्फ बबलू अंसारी के विरूद्ध निरसा थाना में एक मामला दर्ज है. जबकि खालीद अनवर के विरूद्ध गोविन्दपुर थाना में मामला दर्ज है.
