Ranchi: कोडरमा जिले में अवैध बालू के उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवलशाही थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन वाहन जांच और निगरानी के दौरान अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त करते हुए उनके चालकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में श्यामदेव यादव और अंगेश्वर यादव का नाम शामिल है. दोनो नवलशाही थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
मिली जानकारी के अनुसार एसपी के निर्देश पर जिले में अवैध बालू के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में नवलशाही थाना पुलिस टीम क्षेत्र में वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस ने दो ट्रैक्टरों को जांच के लिए रोका. जांच के दौरान दोनों वाहनों पर अवैध रूप से बालू लदा पाया गया. इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया और चालकों को गिरफ्तार कर लिया. इस संदर्भ में नवलशाही थाना (कांड संख्या-66/26) में मामला दर्ज किया गया है.
