Patna: सारण जिले के विभिन्न प्रखंडों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन प्रभावित लोगों तक त्वरित राहत पहुंचाने में जुटा है. बाढ़ का पानी नए इलाकों में प्रवेश करने के मद्देनजर अतिरिक्त एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमों को भी सारण भेजा गया है.
सारण में 19 टीमें संभाल रहीं मोर्चा
सारण में पहले से एनडीआरएफ की पांच और एसडीआरएफ की तीन टीमें तैनात थीं. स्थिति को देखते हुए बेतिया से एनडीआरएफ की तीन, गोपालगंज से दो, भागलपुर से दो और सुपौल से एक अतिरिक्त टीम भेजी जा रही है. वहीं मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण से एसडीआरएफ की चार टीमें सारण भेजी गई हैं.
इसके साथ ही जिले में एनडीआरएफ की कुल 12 और एसडीआरएफ की सात टीमें, यानी कुल 19 टीमें, राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं.
360 प्रशिक्षित जवान, 50 से अधिक नावें तैनात
एनडीआरएफ की 12 टीमों में कुल 360 प्रशिक्षित मानवबल तैनात हैं। टीमों के पास 50 से अधिक नाव, 480 लाइफ जैकेट, 360 लाइफबॉय और अन्य आवश्यक बचाव उपकरण उपलब्ध हैं. प्रत्येक टीम में प्रशिक्षित जवानों के साथ बोट, लाइफ जैकेट, लाइफबॉय और डीप डाइव सेट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमों में भी पर्याप्त मानवबल और नावें उपलब्ध कराई गई हैं. दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण से भेजी जा रही टीमों में कुल 140 से अधिक प्रशिक्षित मानवबल और 36 से अधिक बोट शामिल हैं.
हेलिकॉप्टर से आसमान से पहुंच रही राहत
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जहां सड़क और नाव के जरिए राहत पहुंचाना मुश्किल है, वहां हेलिकॉप्टर के माध्यम से राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए जा रहे हैं. अब तक 3,000 से अधिक राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए जा चुके हैं. शाम तक 5,000 से अधिक राशन पैकेट एयर ड्रॉप करने की तैयारी है.
विभिन्न जिलों से भेजे जा रहे 40 हजार राशन पैकेट
सारण के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विभिन्न जिलों से बड़ी मात्रा में राशन पैकेट भेजे जा रहे हैं. पटना से 10 हजार, सिवान से 15 हजार, भोजपुर से 5 हजार, बक्सर से 5 हजार और वैशाली से 5 हजार राशन पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इस तरह कुल 40 हजार राशन पैकेट सारण भेजे जा रहे हैं.
75 हजार पॉलिथीन शीट भी भेजी जा रही
बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के लिए विभिन्न जिलों से 75 हजार पॉलिथीन शीट भी सारण भेजी जा रही हैं. इनमें दरभंगा से 25 हजार, मधुबनी से 20 हजार, सीतामढ़ी से 15 हजार और समस्तीपुर से 15 हजार पॉलिथीन शीट शामिल हैं.
हर स्थिति पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री के वितरण, बचाव कार्य और आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता की लगातार निगरानी की जा रही है. बाढ़ की स्थिति और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की तैनाती की जा रही है. आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास जारी हैं. आपात स्थिति में राज्य के आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है.
