Patna: बेला थाना क्षेत्र के फेज-01 स्थित एक निजी कंपनी के खाद एवं सीमेंट गोदाम में हुई डकैती और सुरक्षा गार्ड की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का मुजफ्फरपुर पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पुलिस कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से लूटी गई 338 बोरी खाद, घटना में प्रयुक्त ट्रक और एक डीवीआर (DVR) बरामद किया गया है. गिरफ्तारी आरोपी में फकुली थाना क्षेत्र के रहने वाले अर्जुन कुमार औऱ कुढ़नी थाना क्षेत्र के रहने वाले दीपक कुमार का नाम शामिल है.

विरोध करने पर गार्ड की कर दी थी हत्या

एसएसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गत 10 सितंबर को बेला थाना क्षेत्र स्थित गोदाम में अज्ञात अपराधियों द्वारा गार्ड की हत्या करने और खाद लूटने की सूचना मिली थी. मृत गार्ड की पत्नी के लिखित आवेदन पर बेला थाना (कांड संख्या 63/26) में मामला दर्ज किया गया. छानबीन के दौरान यह बात सामने आई कि डकैती का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी और खाद लूटकर फरार हो गए थे.

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें जिला आसूचना इकाई और बेला थाना पुलिस को शामिल किया गया. टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी आसूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की.

पूर्वी चंपारण के ईंट-भट्ठे से बरामद हुई 338 बोरी खाद

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक चालक अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर डकैती में इस्तेमाल ट्रक को फकुली थाना क्षेत्र से जब्त किया गया, जिसमें से खाद के गिरे हुए अवशेष साक्ष्य के रूप में मिले. इसके बाद अर्जुन से पूछताछ के आधार पर मुख्य षड्यंत्रकर्ता के करीबी दीपक कुमार  को अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया. दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित लहलादपुर में एक ईंट-भट्ठे के कार्यालय से दंडाधिकारी की मौजूदगी में 338 बोरी खाद विधिवत जब्त की. पुलिस पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने डकैती और गार्ड की हत्या की बात स्वीकार कर ली है. पकड़ा गया आरोपी दीपक कुमार शातिर अपराधी है और उस पर पहले से सदर थाना में डकैती तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं. गिरोह के अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed