Patna: मोतिहारी जिले के पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस के नाम पर आम लोगों को डरा-धमकाकर और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने के आरोप में नगर थाना (बाइक सेल) में तैनात दो सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी में नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के धनराज बिगहा के रहने वाले सिपाही राजीव कुमार और सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर के रहने वाले आशीष कुमार का नाम शामिल है.

मिली जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मजुरहाँ क्षेत्र में दो व्यक्तियों द्वारा खाकी का डर दिखाकर अवैध उगाही की जा रही है. मामले के सत्यापन के दौरान सामने आया कि नगर थाना के बाइक सेल में तैनात सिपाही (सं० 57) राजीव कुमार और सिपाही (सं० 679) आशीष कुमार लोगों को केस में फंसाने का डर दिखाकर वसूली कर रहे थे.

ऑनलाइन लेनदेन से खुला राज

जांच में पुलिस को पुख्ता सबूत मिले हैं कि 8 सितंबर 2026 को मजुरहाँ के वार्ड पार्षद राकेश सिंह के मोबाइल से 5,000 की राशि सिपाही राजीव कुमार की पत्नी के मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर की गई थी. इसके अलावा भी इन दोनों सिपाहियों द्वारा पूर्व में ऐसी गतिविधियों में शामिल रहने की शिकायतें मिली थीं. प्राप्त सूचना, साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर दोनों सिपाहियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में लिप्त पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed