Ranchi: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के न्यू मधुकम रोड में गाड़ी हटाने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने और सोने की चेन छीनने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपी को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही आरोपी के घर से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है. गिरफ्तार आऱोपी में मोहित कुमार औऱ राजेन्द्र महली का नाम शामिल है. दोनो आरोपी सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. मोहित कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली है. अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार गत 6 सितंबर की शाम करीब 4:00 बजे पिंकू कुमार चौधरी अपनी कार से घर लौट रहे थे. हरेगोविन्द नर्सिंग होम के पास सड़क पर एक कार और टेम्पो खड़े थे, जिससे रास्ता अवरुद्ध था. जब पिंकू कुमार ने टेम्पो चालक सूरज यादव से विनम्रतापूर्वक गाड़ी हटाने को कहा, तो सूरज यादव आक्रोशित हो गया. सूरज यादव ने अपने बेटों—रोहित यादव, मोहित यादव, अंशु यादव और अन्य 4-5 अज्ञात लोगों को मौके पर बुला लिया. इसके बाद आरोपियों ने पिंकू कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की और उन्हें जान से मारने की नीयत से गंभीर रूप से घायल कर दिया. हमलावरों ने उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली और धमकी देते हुए फरार हो गए. घटना के संबंध में पीड़ित पिंकू कुमार चौधरी के बयान पर सुखदेवनगर थाने में मामला (काण्ड सं०-308/26) दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देशन में कोतवाली एएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी टीम ने दोनो आऱोपी को गिरफ्तार किया.
