Ranchi: हजारीबाग जिले के पद्मा ओपी क्षेत्र में रिटायर्ड शिक्षक रामजय कुमार महता पर जानलेवा हमला करने वाले अपराधी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड इटैलियन पिस्तौल, 8 जिंदा कारतूस, कारतूस के खोखे, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. आरोपी कृष्णा महतो पद्मा ओपी क्षेत्र के सूरजपुरा का रहने वाला है. पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने स्वीकार किया कि रिटायर्ड शिक्षक के साथ उसका पुराना आपसी विवाद चल रहा था. इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने मास्टर जी पर गोली चलाई थी. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर बरही, सरायकेला तथा अन्य थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं.

शेविंग कराकर लौट रहे शिक्षक को मारी थी गोली

घटना 6 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे की है, जब सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महता घर के बाहर शेविंग कराकर लौट रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन पर दो राउंड गोलियां चला दीं. गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरही एसडीपीओ अनुमंडल के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम-जिातु स्थित आरोपी की बहन के घर पर छापेमारी कर आरोपी कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *