Ranchi: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय, झारखण्ड रांची में आयोजित समारोह में डीजीपी ने झारखण्ड पुलिस की उपलब्धियों को गिनाया. डीजीपी ने राज्य में नक्सलवाद, संगठित अपराध, मादक पदार्थ और साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी. साथ ही पुलिस आधुनिकीकरण और जवानों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया. डीजीपी ने बताया कि झारखण्ड पुलिस के सतत प्रयासों से नक्सलवाद काफी कमजोर हुआ है. जनवरी 2026 से 5 अगस्त तक कुल 103 नक्सली गिरफ्तार किए गए. इसमें झारखण्ड सरकार द्वारा 1 करोड़ ईनामी पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा भी शामिल है. इस दौरान 46 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया और 22 नक्सली मुठभेड़ में मारे गए. मारे गए लोगों में 1 करोड़ ईनामी केंद्रीय कमेटी सदस्य अनल उर्फ पतिराम मांझी शामिल है. अभियान में कुल 98 हथियार, 7470 कारतूस, 11 किलो विस्फोटक, 3 IED और करीब 6 लाख रुपये लेवी बरामद की गई.

संगठित अपराध और मादक पदार्थ के साथ साइबर अपराध पर शिकंजा

जनवरी से जुलाई 2026 तक संगठित आपराधिक गिरोह के 193 अपराधी गिरफ्तार किए गए. इनके पास से 63 हथियार और 274 गोली बरामद हुई. 50 अपराधियों के खिलाफ CCA की कार्रवाई की गई. मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में जनवरी से जून तक 710 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए और विभिन्न अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए. साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जनवरी से जून 2026 तक 486 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए. इनसे 17 लाख से अधिक रुपये और कई अवैध वस्तुएं बरामद कर जब्त की गईं. जप्त राशि को पीड़ितों के खाते में वापस कराने की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस आधुनिकीकरण और DIAL-112

13 मार्च को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 636 चार पहिया वाहन बोलेरो और 849 दो पहिया वाहन TVS अपाची का लोकार्पण किया. इससे कानून-व्यवस्था और त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया मजबूत हुई है. ERSS DIAL-112 के तहत जनवरी में 16 हजार शिकायतों पर पुलिस का औसत रिस्पांस टाइम 9 मिनट 41 सेकंड था, जो जुलाई में 23 हजार शिकायतों के बाद भी घटकर 9 मिनट 12 सेकंड हो गया.

पुलिस कल्याण और प्रोन्नति की सौगात

सहाय्य कोष, शिक्षा कोष, परोपकारी कोष और चतुर्थवर्गीय कोष से हजारों लाभार्थियों को करोड़ों रुपये की आर्थिक मदद दी गई. 153 आश्रितों को अनुकंपा पर नियुक्ति दी गई, जबकि हाल ही में 84 अन्य मामलों को स्वीकृति दी गई है. वीरता पदक प्राप्त 37 पुलिस अधिकारियों/कर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति दी गई. इसके अलावा वायरलेस, आर्मर, झा०स०पु० और अन्य संवर्गों में सैकड़ों कर्मियों को पदोन्नति व ACP/MACP का लाभ दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *