Patna: सुपौल एसपी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिपरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. कार्रवाई में 254 ML नशीले इंजेक्शन और 792 लीटर नेपाली शराब के साथ 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी में पिपरा थाना क्षेत्र के बधनाहा के रहने वाले सलमान खान, निर्मली चौक के रहने वाले हरिनंदन मंडल, केशनवगर के रहने वाले मनीष कुमार, मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र के सखेत के रहने वाले महेश महतो, कन्हौली के रहने वाले श्रीराम कुमार और कन्हैया कुमार का नाम शामिल है. मौके पर से 254 एमएल नशीला पदार्थ, 792 लीटर नेपाली शराब, बाईक, पिकअप, कार, 6 मोबाइल, 4 निडिल और 7000 रुपये नगद पुलिस ने बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि पिपरा क्षेत्र में वाहन के माध्यम से अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है. सूचना पर एएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कटैया माहे, वार्ड नं-05 में नाकाबंदी की. नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध बाईक सवार को रोका गया. तलाशी में उसके पास से 246 ML नशीला इंजेक्शन, 1 मोबाइल और 7000 रुपये नकद बरामद हुए. पूछताछ में उसने एक दुकान का नाम बताया. उसकी निशानदेही पर दुकान पर छापेमारी की गई. वहां से 8 ML प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन, 4 निडिल सहित सिरिंज, 2 खाली रैपर और 1 मोबाइल बरामद किया गया. इसी क्रम में टीम ने एक पिकअप वाहन को पकड़ा. उसमें से कुल 792 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई. शराब तस्करी में शामिल 4 अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया. तस्करी में प्रयुक्त 1 पिकअप और 1 मारुति सुजुकी कार को भी जब्त किया गया.
