Patna: वैशाली एसपी के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत सदर थाना पुलिस ने 6.25 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. सदर थाना क्षेत्र के चकेमा निवासी गिरफ्तार आरोपी गौतम कुमार के पास से हेरोइन के अलावे मोबाइल और 920 रुपये नगद पुलिस ने बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम खलकबेग चकनूर में कुछ संदिग्ध लोग मादक पदार्थ लेकर एकत्रित हुए हैं. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई. छापेमारी में पुलिस ने गौतम कुमार को 6.25 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1 मोबाइल और 920 रुपये नकद भी बरामद किए गए. इस संबंध में सदर थाना में मामला दर्ज कया गया है. अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
