Ranchi: ईडी ने अवैध कोयला खनन और तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए एलबी सिंह के म्यूचुअल फंड में निवेश किए गए लगभग 160 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए हैं. इसके साथ ही छापे के दौरान 1.02 करोड़ रुपये नकद भी जब्त किए गए. ईडी रांची जोनल ऑफिस ने यह कार्रवाई बीते मंगलवार को धनबाद स्थित 31 ठिकानों पर रेड किया था. यह कार्रवाई पीएमएलए के प्रावधानों के तहत अनिल गोयल, एलबी सिंह, हरेंद्र चौहान, गणेश यादव, पप्पू मंडल, रोहित यादव, माधो सिंह समेत सहयोगियों, रिश्तेदारों के यहां किया. ईडी की रेड में 200 से अधिक अचल संपत्तियों से संबंधित जानकारी मिली है. इसके अलावे कई डिजिटल उपकरण, उक्त व्यक्तियों द्वारा नियंत्रित संस्थाओं की खातों की किताबें आदि भी ईडी ने जब्त किया है.
ईडी के जांच में हुआ खुलासा
ईडी ने झारखंड पुलिस द्वारा उक्त व्यक्तियों के खिलाफ धनबाद और आसपास के जिलों में अवैध कोयला खनन, अवैध रूप से खनित कोयले, चोरी के कोयले की तस्करी, कोयला उठाव पर रंगदारी और संबंधित अवैध गतिविधियों में उनकी कथित संलिप्तता के लिए दर्ज कई एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी. पुलिस ने कई मामलों में आरोप पत्र भी दाखिल किए हैं. पीएमएलए के तहत जांच से पता चला कि उक्त व्यक्तियों ने अनुसूचित अपराधों को अंजाम देकर अपराध की आय की भारी मात्रा उत्पन्न की है. इस प्रक्रिया में, अपराध की आय को स्तरबद्ध करने और इसे अशुद्ध मूल का दिखाने के लिए कई व्यक्तियों का उपयोग किया गया. बाद में उत्पन्न अपराध की आय का उपयोग उनके द्वारा चल और अचल संपत्तियों के अधिग्रहण में किया गया.
बता दे कि इससे पहले नवंबर 2025 में इस मामलों में अनिल गोयल, एलबी सिंह और संबंधित व्यक्तियों के ठिकाने में ईडी ने रेड किया था.
