Ranchi: जमशेदपुर एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बहरागोड़ा थाना पुलिस ने पन्ना तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 1.095 किग्रा पन्ना के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है. जब्त पन्ने की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है. गिरफ्तार आरोपी में गुड़ाबन्दा थाना क्षेत्र के विनय पातर और सिद्धेश्वर कालिन्दी और श्यामसुन्दरपुर थाना क्षेत्र के खोइडेवेली के रहने वाले स्नेहाशिष मंगराज का नाम शामिल है. आरोपी के पास से 1.095 किग्रा पन्ना, दो बाईक (OD 11AC 8043 व JH05BV 9089), तीन मोबाइल और 2300 रुपये नगद पुलिस ने बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी को सूचना मिली थी कि अज्ञात तस्कर पन्ना लेकर बहरागोड़ा बस स्टैंड के आसपास तस्करी के लिए आएंगे. सूचना पर घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम गठित की गई. टीम ने बस स्टैंड के पास दो पहिया वाहन से खड़े 3 लोगों को देखा. पुलिस को देखकर वे भागने का प्रयास करने लगे, भाग रहे आरोपी विनय पातर, सिद्धेश्वर कालिन्दी और स्नेहाशिष मंगराज को दबोच लिया गया. इस संबंध में बहरागोड़ा थाना (कांड संख्या 35/26) में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी विनय पातर पर पहले से गुड़ाबन्दा थाना एक मामला दर्ज है.
