Patna: चंदा वसूली के नाम पर नालंदा में एक 19 साल के युवक की जान चली गई. अस्थावां थाना क्षेत्र के ग्राम कोंअंद स्थित चौहरमल मंदिर के पास चंदा मांग रहे लोगों ने बाइक सवारों को बांस फंसाकर गिरा दिया. इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार नालंदा जिले के अस्थावां थानाध्यक्ष को सूचना मिली. आगामी चौहरमल महोत्सव के लिए चंदा मांग रहे कुछ लोग मंदिर के पास खड़े थे. इसी दौरान बाइक से जा रहे चिंतू कुमार और सचिन कुमार को आरोपियों ने बांस फंसाकर गिरा दिया. दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए. दोनों को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया. इलाज के क्रम में चिंतू कुमार की मौत हो गई. पोस्टमार्टम कराया गया. सचिन कुमार का इलाज जारी है. मृतक के भाई के आवेदन पर अस्थावां थाना (कांड सं0 186/26) में मामला दर्ज किया गया है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से बाइक के टूटे पार्ट्स समेत साक्ष्य जुटाए हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है.
