Patna: सिवान नगर थाना पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध सिपाही परीक्षा देने जा रहे एक युवक से रेलवे पटरी पर लूट एवं UPI ठगी के मामले का उद्भेदन कर 4 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 3 मोबाइल भी बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी में नगर थाना क्षेत्र के नया किला के रहने वाले मो. प्रिंस उर्फ कैश, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के खोदाईवारी निवासी इमरान अली उर्फ हीरा, फरहान शेख और हरिहांस निवासी अबुतलाहा का नाम शामिल है.

क्या है मामला

मिली जानकारी के अनुसार 14 जून को संध्या लगभग 06:00 बजे बिहार मद्यनिषेध सिपाही का परीक्षा देकर एक युवक रेलवे पटरी होते हुए सिवान रेलवे स्टेशन जा रहा था. इसी क्रम में पीछे से कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट का भय दिखाकर उससे मोबाइल फोन, 6000 रुपये नगद राशि एवं सोने का लॉकेट छीन लिया. इसके बाद उसके खाते से UPI के माध्यम से 25,000 रुपये भी ट्रांसफर कर लिए गए. इस संबंध में नगर थाना में मामला दर्ज किया गया. तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा UPI ट्रांजेक्शन से संबंधित बैंक खातों का विश्लेषण किया गया. जांच के क्रम में घटना में संलिप्त 4 आरोपी की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया. साथ ही घटना में प्रयुक्त 02 मोबाइल एवं 01 छिना हुआ मोबाइल यानी कुल 03 मोबाइल बरामद किए गए.  जिस बैंक खाते में UPI के माध्यम से 25 हजार ट्रांसफर किए गए थे, उस खाते को बैंक के माध्यम से फ्रीज करा दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *