Patna: बेगूसराय पुलिस ने चकिया थाना क्षेत्र में 11 जून की रात हुई सामूहिक बलात्कार की घटना का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 देशी कट्टा, 2 गोली और एक बाईक भी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी में शामिल चकिया थाना थाना क्षेत्र के सिमरियाघाट बिंद टोला के रहने वाले नामजद आरोपी नीतिश कुमार को यूपी के फरीदाबाद जिला के भूपानी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. जबकि दूसरे आरोपी अमर निषाद उर्फ अमरजीत कुमार उर्फ मक्का मदीना चकिया थाना क्षेत्र के दियारा से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अमर निषाद ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसने बताया कि 11 जून को साथियों के साथ महिला के साथ दुष्कर्म करने के पश्चात एक बाईक से भागे थे. उसने यह भी बताया कि गांव में दबदबा बनाए रखने के लिए देशी कट्टा और गोली रखता है. अमर निषाद ने बताया कि फायरिंग करते हुए सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में वो और उसका साथी नीतिश महतो हैं. उसके निशानदेही पर घर से कट्टा-गोली बरामद किया गया. घटना के बाद भागने में इस्तेमाल हुई मोटरसाइकिल को रामू महतो के यहां से जब्त किया गया. नीतिश कुमार और अमरजीत कुमार उर्फ मक्का मदीन का अपराधिक इतिहास रहा है. दोनो के विरुद्ध पूर्व से मामला दर्ज है.

क्या है मामला

बेगुसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ 11 जून की रात पांच बदमाशों ने गैंगरेप किया. आरोपी क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट में जिंदा कारतूस, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा डाल दिया था. इतने से दरिंदों का मन नहीं भरा तो दरिंदों ने पीड़िता के शरीर पर ब्लेड से कई वार भी किए. वहीं, पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर पहले की गई एक शिकायत पर कार्रवाई न करने का भी गंभीर आरोप लगाया था.  इस संबंध में चकिया थाना (कांड संख्या-56/26) में मामला दर्ज किया गया. थाना स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद थानाध्यक्ष को निलंबित किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *