Ranchi: रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में बंद घर से नकद और सोने के आभूषण की चोरी का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर दिया है. डीएसपी के नेतृत्व में बनी छापेमारी टीम ने सिमडेगा, मुर्शिदाबाद और सांगली तक फैले अंतर्राज्यीय गिरोह के अपराधी को गिरफ्तार किया है. इनके पास से चार पीस सोने का कंगन, सोने के चेन और टुकड़ा के साथ 25000 हजार नगद पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी में गौरंग दास, महेश गाडे और अनारुल हक उर्फ अनारुल शेख उर्फ अनारुल का नाम शामिल है. आरोपी बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सुती थाना क्षेत्र के रहने वाले है. कोर्ट में सरेंडर करने वाले अनारूल हक उर्फ अनारूल शेख को रिमांड पर लिया गया. पूछताछ के बाद गौरंग दास और महेश गाडे को पकड़ा गया. ये लोग चोरी के सोने को गलाकर नए आभूषण बनाते थे.
क्या था मामला
18 मार्च 2026 की रात दलादली टीओपी क्षेत्र के कृष्णानगर रोड नं-03 लालगुटवा में एक बंद मकान से नकद और सोने के जेवरात चोरी हो गए थे. पलामू निवासी राहुल सिंह ने नगड़ी थाना (कांड सं0-49/26) में मामला दर्ज कराया था. रांची एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी (मु0-02) के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित हुआ. टीम ने सिमडेगा के सुल्तान मियाँ, दीपक कुमार साहु उर्फ बुतरू और मो0 आजाद अंसारी को दबोचा. आरोपी निशानदेही पर 6 लाख 50 हजार रुपये, 2 मोबाइल और बलेनो कार पुलिस ने बरामद किया.
