Ranchi: देवघर पुलिस ने समय रहते बड़ी आपराधिक वारदात को नाकाम कर दिया. गुप्त सूचना पर नगर थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई में पुलिस ने 5 संदिग्ध अपराधियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया. सफेद फ्रोंक्स कार से देसी पिस्टल और गोली बरामद हुआ. गिरोह रेलवे स्टेशन से रांगामोड़ होते हुए भुरभुरा मोड़ के पास बड़ी घटना को अंजाम देने वाला था. गिरफ्तार आरोपी में शैलेश कुमार दास, अरविंद कुमार दास, गोलू महथा उर्फ गोलू पासी, लल्ला झा और रोहन दुरी उर्फ विजय दुरी का नाम शामिल है. सभी आरोपी रिखिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
रेलवे स्टेशन से भुरभुरा मोड़ तक था टारगेट
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी देवघर रेलवे स्टेशन से रांगामोड़ होते हुए भुरभुरा मोड़ के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफेद रंग की फ्रोंक्स कार को रोका. तलाशी के दौरान वाहन से एक अवैध देसी पिस्टल और एक गोली बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से ही पांचों को दबोच लिया.
