Patna: मोतिहारी पुलिस ने भूमि म्यूटेशन में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है. डीसीएलआर सदर मोतिहारी का फर्जी आदेश टाइप कर, मुहर-हस्ताक्षर लगाकर दाखिल-खारिज कराने वाले साईं कम्युनिकेशन के प्रोपराइटर दिनेश्वर प्रसाद वर्मा और अनिकेत कुमार को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से 4 प्रिंटर, 2 लैपटॉप, बायोमेट्रिक मशीन और फर्जी सील बरामद हुई है. आरोपी डीसीएलआर सदर का लेटर हेड टाइप कर मुहर-हस्ताक्षर लगाता था. फर्जी आदेश अंचल कार्यालय सदर में दिखाकर पोर्टल पर अपलोड कर दाखिल-खारिज पोर्टल पर गलत म्यूटेशन कराता था. आरोपियों से पूछताछ में और फर्जीवाड़े का खुलासा हो सकता है.
राजस्व कर्मचारी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
1 जून को मुफस्सिल थाना क्षेत्र में राजस्व कर्मचारी, सदर अंचल मोतिहारी ने आवेदन दिया कि साईं कम्युनिकेशन के संचालक दिनेश्वर प्रसाद वर्मा और अनिकेत कुमार ने डीसीएलआर सदर का फर्जी आदेश तैयार कर अंचल कार्यालय में दिखाकर दाखिल-खारिज पोर्टल पर अपलोड करा दिया. गलत आदमी का म्यूटेशन करा दिया गया. पहले भी ऐसे फर्जीवाड़े कर चुके हैं. शिकायत मिलने पर टीम गठित कर छापामारी की गई. छापेमारी में छतौनी थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी साईं कम्युनिकेशन के प्रोपराइटर दिनेश्वर प्रसाद वर्मा औऱ अनिकेत कुमार को गिरफ्तार किया गया.
