Patna: निबंधन कार्यालयों से कागजात चोरी कर फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन कब्जा करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए कटिहार पुलिस ने तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह पूर्व में कटिहार, भागलपुर, पटना एवं अन्य जिलों में भी इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. गिरफ्तार आरोपी में कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसा निवासी प्रदुमन कुमार, सुरेश कुमार सिंह और इंडखोरा थाना क्षेत्र के सकरपुरा निवासी मसिउर रहमान उर्फ मुन्ना खान का नाम शामिल है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान थाना के थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध पटना निबंधन कार्यालय के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त हैं. सूचना पर पुलिस कार्रवाई करते हुए निबंधन कार्यालय की चहारदीवारी के पास तीन संदिग्ध को लोहे के रॉड एवं खंती के साथ गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वे पटना निबंधन कार्यालय से वर्ष 1940-1945 के पुराने जमीन से संबंधित कागजात चोरी करते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि यह कार्य अपने गिरोह के सरगनाः सुरेश कुमार सिंह, प्रदुमन कुमार, मसिउर रहमान उर्फ मुन्ना खान के निर्देश पर किया जाता है. चोरी किए गए कागजात के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से अवैध रूप से धन की उगाही की जाती है तथा भूमि पर अवैध कब्जा किया जाता है. अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि वर्ष 2024 में कटिहार एवं भागलपुर के निबंधन कार्यालयों में भी अपने सहयोगियों एवं सरगनाओं के साथ मिलकर इसी प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. इस संबंध में कटिहार जिला के सहायक थाना (कांड संख्या-766/24 व संख्या-766/24) पूर्व से ही दर्ज है.  पटना में गिरफ्तार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर सहायक थाना पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में छापेमारी कर प्रदुमन कुमार, सुरेश कुमार सिंह और मसिउर रहमान उर्फ मुन्ना खान को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी ने भी अपने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया कि वे निबंधन कार्यालयों से कागजात चोरी कर फर्जी दस्तावेज तैयार करते हैं तथा लोगों से अधिक राशि लेकर दाखिल खारिज कराते हुए अवैध रूप से भूमि पर कब्जा कर लेते हैं. गिरफ्तार आऱोपी का अपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी के विरुद्ध भागलपुर और कटिहार में सात मामला दर्ज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed