Ranchi: झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्र बुधवार को मुख्यालय सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से झारखंड राज्य में केंद्र एवं राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक के क्रम में डीजीपी 3 मई को आयोजित होने वाले NEET (UG) 2026 परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की व्यापक रूप से समीक्षा की तथा परीक्षा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला स्तर पर Coordination Committee का गठन करने एवं स्वच्छ रूप से परीक्षा का संचालन करवाने का सभी एसपी को निर्देश दिया.
डीजीपी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने, स्ट्रॉन्ग रूम से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्रों का सुरक्षित परिवहन पुलिस निगरानी में करने, सभी जिलों में परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा के पूर्व निरीक्षण करने के लिए एक नोडल पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त करने को कहा. परीक्षा से पूर्व जिले के होटल, लॉज, धर्मशाला एवं हॉस्टलों की जांच करने, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने, परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित साइबर कैफे एवं संदिग्ध गतिविधियों वाले रथानों पर कड़ी निगरानी रखने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर बनाये रखने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व नोडल पदाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों, हॉल एवं कमरों का जाँच करने साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र तक पहुँचने के लिए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने का भी निर्देश दिया, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में पहुँचने के लिये कठिनाई न हो.
