Patna: राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष में बिहार के प्रारंभिक विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 93 लाख 12 हजार 192 छात्र-छात्राओं को स्कूल ड्रेस की राशि उपलब्ध करा दिया है. ताकि बच्चे स्कूल ड्रेस पहनकर विद्यालय जा सकें. इसके लिए शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना और मुख्यमंत्री पोशाक योजना के तहत छात्र-छात्राओं को 1047.08 करोड़ रुपये का भुगतान डीबीटी के माध्यम कर दिया है.

विदित हो कि राज्य सरकार ने प्रारंभिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को ड्रेस उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2008-09 में मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना और मुख्यमंत्री पोशाक योजना शुरू किया था. मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना के तहत कक्षा 1 और 2 में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए 600 रुपये, कक्षा 3 से 5 वीं के छात्राओं के लिए 700 और कक्षा 6 से 8 वीं की छात्राओं के लिए 1 हजार की दर से राशि प्रदान की जाती है. इसके अलावा मुख्यमंत्री पोशाक योजना के तहत कक्षा 1 से 2 के एपीएल छात्रों के लिए 400 रुपये, एससी/एसटी और बीपीएल छात्रों के लिए 600 रुपये, कक्षा 3 से 5 वीं में पढ़ने वाले एपीएल छात्रों के लिए 500 रुपये, एससी/एसटी और बीपीएल छात्रों को 600 रुपये, कक्षा 6 से 8 वीं में पढ़ने वाले सभी वर्ग के छात्रों को 700 रुपये की दर से राशि भुगतान किया जाता है.

इस योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य के राजकीय, राजकीयकृत, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) प्रारंभिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 93 लाख 12 हजार 192 छात्र-छात्राओं को 75 फीसदी उपस्थिति के आधार पर पोशाक राशि भुगतान किया गया है. विभाग के मुताबिक राज्य के प्रारंभिक विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राओं को पोशाक के लिए डीबीटी के माध्यम से 1047.08 करोड़ की राशि भुगतान की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed