Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को आशियाना दीघा रोड में राजीव नगर के पास बनाये जा रहे कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) निर्माण योजना का निरीक्षण किया साथ ही आनंदपुरी नाला का भी निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नाला निर्माण योजना के अंतर्गत नाले का पक्कीकरण कर इसके ऊपर सड़क का निर्माण किया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन कार्यों को तेजी से पूर्ण करें. इन योजनाओं के पूर्ण होने पर जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी एवं नाले के ऊपर टू-लेन सड़क निर्माण से लोगों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी. शहर भी साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान हमने 21 फरवरी, 2025 को पटना जिले के विकास कार्यों का जायजा लिया था और उस दौरान जिले की कई विकास योजनाओं की घोषणाएँ की थीं. उसी समय मैंने आनन्दपुरी नाला तथा कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) का निरीक्षण किया था जिसमें काफी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित थे. उनकी समस्याओं को देखते हुए मैंने निर्देश दिया था कि इन नालों को ठीक करते हुए इसके ऊपर सड़क निर्माण किया जाए ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो. मुझे खुशी है कि इस पर काम किया जा रहा है.

बता दे कि राजीव नगर नाला पटना शहर के जल निकासी के लिए एक महत्वपूर्ण नाला है. इसकी लंबाई 4.26 किलोमीटर है जो दीघा आशियाना रोड से प्रारंभ होकर कुर्जी ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन पर समाप्त होता है. राजीव नगर नाले का पक्कीकरण एवं इसके ऊपर सड़क निर्माण किया जा रहा है. वहीं आनन्दपुरी नाला पटना शहर के जल निकासी के लिए एक महत्वपूर्ण नाला है. इसकी लंबाई लगभग 4 किलोमीटर है जो बाबा चौक से शुरू होकर अटल पथ एवं ए०एन० कॉलेज के पास से राजापुर पुल ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन पर समाप्त होता है. आनन्दपुरी नाले का पक्कीकरण एवं इसके ऊपर सड़क निर्माण किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed