Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को 1, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की 21 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 10 हजार रूपये प्रति लाभुक की दर से 2100 करोड़ रूपये की राशि का अंतरण किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का मुख्य लक्ष्य राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है. इसके तहत आर्थिक सहायता के रूप में 10000 रु० की प्रारंभिक राशि दी जाएगी. महिलाओं द्वारा रोजगार शुरू करने के बाद आकलन कर 2 लाख रु० तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि इस योजना के क्रियान्वयन से न सिर्फ महिलाओं की स्थिति और ज्यादा मजबूत होगी बल्कि राज्य के अंदर ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे. महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी। स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता पर केंद्रित इस योजना के माध्यम से राज्य एवं देश के आर्थिक विकास को बल मिलेगा.
बता दे कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का शुभारंभ 26 सितम्बर 2025 को किया गया था. उस दिन ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार’ योजना के अंतर्गत राज्य की 75 लाख महिला लाभुकों को 10 हजार प्रति लाभुक की दर से 7500 करोड़ की राशि डी०बी०टी० के माध्यम से हस्तांतरित की गयी थी. 3 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा 25 लाख महिला लाभुकों को 10 हजार रूपये प्रति लाभुक की दर से 2500 करोड़ रूपये भेजे गये. आज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा 21 लाख महिला लाभुकों को 10 हजार रूपये प्रति लाभुक की दर से 2100 करोड़ रूपये भेजे गये. अब तक कुल 1 करोड़ 21 लाख लाभुक महिलाओं के खाते में 10 हजार करोड़ रूपये की राशि अंतरित की गयी है.
लाभार्थी महिला ने किया अनुभव साझा
आज के कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की लाभार्थी शीतला जीविका समूह से जुड़ी बांका जिले के रहने वाली ललिता सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ी हुयी थीं. ललिता सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपना अनुभव साझा करते हुये बताया कि जीविका समूह से जुड़ने के बाद मेरे जीवन में व्यापक बदलाव आया है. जीविका से जुड़ने के साथ ही 10 हजार रूपये कर्ज लिया और सिलाई मशीन खरीदकर अपने परिवार का भरण पोषण शुरू किया. हमलोगों के जीवन में जो बदलाव आया है, वो मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी की देन है.
मुजफ्फरपुर जिले के गंगा जीविका समूह से जुड़ी लाभार्थी संगीता देवी ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपना अनुभव साझा किया. बताया कि जीविका से जुड़ने के साथ ही 50 हजार रूपये कर्ज लिया और दो कट्ठा में सब्जी की खेती शुरू की और अपने परिवार का भरण पोषण शुरू किया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हमारे परिवार को बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान है.
