Ranchi: पलामू के तेतराई बलियारी मोड़ पर लावारिस जाइलो से 46.19 लाख रुपये बरामद किया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते रात को पलामू एसपी को गुप्त सूचना मिली कि एक लाल रंग का संदिग्ध जाइलो वाहन डालटनगंज से पांकी की ओर जा रहा है. सूचना पर पांकी थाना प्रभारी दलबल के साथ घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया. अभियान के क्रम में ग्राम तेतराई बलियारी मोड़ के पास उक्त संदिग्ध लाल रंग की जाइलो गाड़ी (CG14B-5999) खड़ी मिली. आसपास पूछताछ करने पर स्थानीय लोगों ने बताया कि गाड़ी काफी देर से वहीं खड़ी है, किन्तु किसी व्यक्ति को नहीं देखा गया. गाड़ी लॉक स्थिति में थी. तत्पश्चात गाड़ी को टोचन कर थाना लाया गया. बुधवार को पांकी अंचल के पुलिस निरीक्षक की उपस्थिति में गाड़ी का लॉक तोड़कर तलाशी ली गई. तलाशी के क्रम में गाड़ी की बीच की सीट के नीचे एक झोले में रखे गए विभिन्न प्लास्टिक पैकेटों में नगद रूपये की गड्डियाँ बरामद हुईं. बरामदगी की प्रक्रिया वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराते हुए की गई. सीएसपी पांकी से नोट गिनने की मशीन मंगवाकर गिनती की गई, जिसमें 46,19,900 पाया गया. गाड़ी की आगे की डिक्की से वाहन का इंश्योरेंस एवं आरसी कार्ड भी बरामद किया गया है.
