Ranchi: बोड़ेया के पंचायत भवन में आयोजित अर्थसूत्र संवाद में साईबर डीएसपी श्रीनिवास ने साईबर ठगी से बचाव के तरीके बताये. उन्होंने कहा कि इन दिनों साइबर फ्रॉड की घटनाएं बढ़ गई है। ऐसे में सावधानी ही एकमात्र उपाय है जिसके जरिए इस तरह के फ्रॉड से बचा जा सकता है. किसी के साथ भी बैंक खाते की जुड़ी जानकारी नहीं शेयर करें. साथ ही अंजान मैसेज को फॉलो नहीं करना है और फर्जी लिंक्स पर बिलकुल क्लिक नहीं करना है. साईबर ठग फर्जी लिंक शेयर करते हैं जैसे ही लिंक पर क्लिक करेंगे खाता खाली हो जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन बजाज फाइनेंस लिमिटेड के द्वारा किया गया था. जिसमें स्थानीय लोगों के अलावा बोड़ेया हाईस्कूल के बच्चे भी शामिल हुए.

बोड़ेया पंचायत के मुखिया सोमा उरांव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में साइबर पुलिस स्टेशन इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने कहा कि धोखाधड़ी करने वाले आपको लालच देते हैं. रातोंरात दोगुनी राशि होने का वादा करते हैं, लेकिन आपको लालच में नहीं आना है. अपने धन की रक्षा के लिए बैंकिंग सबसे सुरक्षित स्थान है. बैंक जाएं और खाते को सुरक्षित तरीके से संचालित करें. किसी एसएमएस पर भरोसा न करें. हाइ स्कूल के प्राचार्य आनंद कुमार मिंज ने कहा कि दुनिया में पैसे कमाने का कोई शॉर्ट कट रास्ता नहीं है. इसलिए किसी भी तरह के प्रलोभन से बचे एवं पैसे की बचत की आदत डालें, जिससे भविष्य को बेहतर बनाया जा सके.

बजाज फाइनेंस का ‘अर्थसूत्र संवाद’ एक व्यापक कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है. इसका मूल उद्देश्य व्यक्तिगत वित्त को सरल बनाना है ताकि लोग आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ सूझबूझ भरे निर्णय ले सकें. कार्यशालाओं, संवाद सत्रों और सामुदायिक चर्चाओं के माध्यम से ‘अर्थसूत्र संवाद’ कार्यक्रम बचत के महत्व, आपातकालीन वित्तीय सुरक्षा, जिम्मेदार उधारी, और आम धोखाधड़ी—ऑनलाइन या व्यक्तिगत—से बचाव जैसे विषयों को कवर करता है. मौके पर साइबर थाने से इंस्पेक्टर आकाश कुमार सिंह, संतु महतो, उप मुखिया, रजनी, पंचायत सचिव, प्रमिला, वार्ड सदस्य आदि मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed