Ranchi: झारखंड राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने राज्य वासियों को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी. भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस के अवसर पर वर्ष 2011 से इस दिन को प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है. प्रतिवर्ष आज के दिन सभी मतदान केन्द्रों पर आयोजित होने वाले मतदाता दिवस कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाता है. अलका तिवारी रविवार को आर्यभट्ट सभागार रांची में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर संबोधित कर रहीं थी.
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि इस वर्ष भारत निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस का थीम “My India My Vote” तथा Tagline, “Indian Citizen at the Heart of Indian Democracy” जारी किया है. लोकतंत्र का आधार है मतदाता, लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता को जानकार और सतर्क होने की जरूरत है. निर्वाचन से जुड़े हरेक संस्था अपने मतदाताओं को एक समान अवसर प्रदान करने के लिए हरेक उपाय सुनिश्चित करती है. मतदाता बिना किसी भय, प्रलोभन के तथा जाति, धर्म, भाषा, समुदाय आदि से उपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके, उतरोत्तर लोकतंत्र और सशक्त हो सके, भारत निर्वाचन आयोग का यही अभीष्ट है. इस अभीष्ट को प्राप्त करने के लिए आयोग विभिन्न नवाचार एवं तकनीकों का उपयोग कर रहा है.
अलका तिवारी ने कहा कि मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता जागरूकता एक महत्वपूर्ण एवं सतत् प्रक्रिया है. सभी पात्र भारतीय नागरिक, जो मतदाता बनने की अर्हता रखते है, उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज करने के लिए चार अर्हता तिथियाँ, 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इन तिथियों में 18 वर्ष पूरी करने वाले योग्य व्यक्तियों का मतदाता सूची में सरलता के साथ नाम जोड़ा जा सकता है. मतदाता सूची में निबंधन की प्रक्रिया हो या किसी भी निर्वाचन के दौरान मतदान करने की प्रक्रिया, हरेक मतदाता चाहे वह महिला, पुरुष, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, पीवीटीजी, थर्ड जेंडर, हो को उसके अनुरूप वांछित सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निर्वाचन आयोग सदैव सचेष्ट रहा है. मतदाता जागरूकता के लिए राज्य में 2886 Electoral Literacy Club (ELC) एवं प्रत्येक मतदान केन्द्र पर चुनाव पाठशाला की स्थापना की गई है. मतदाता सूची के अद्यतनीकरण में 966 वोटर अवेयरनेस फोरम अपनी भूमिका निभा रहे हैं.
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि 18 वर्ष पूरी कर चुके योग्य व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए चुनाव आयोग के Website पर लॉग इन अथवा संबंधित मतदान केन्द्र के बीएलओ या वोटर हेल्पलाईन ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं तथा विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का हिस्सा होने का गर्व महसूस करें.
आयोग का लक्ष्य हरेक मतदाता अपने बीएलओ से रहे परिचितः मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है. हरेक पात्र भारतीय नागरिक, जो अठारह वर्ष की आयू पूरी कर चुके हैं, मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ सकते हैं. मतदाता को अपने मतदाता सूची या वोटर कार्ड से संबंधित किसी भी जानकारी आसानी से बीएलओ से मिल सकती है, और बीएलओ की सूचनाएं सीईओ के वेबसाईट पर उपलब्ध है. भारत निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि हरेक मतदाता अपने बीएलओ से परिचित रहें. इसलिए निर्वाचन आयोग ने Book a Call की सुविधा उपलब्ध कराई है. आप अपने बीएलओ को आसानी से कॉल कर सकते हैं, जो 48 घंटो के अंदर मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी को उपलब्ध कराने के लिए आपसे सम्पर्क करेंगे. उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण का Pre-Revision Period चल रहा है. इस दौरान राज्य के वर्तमान मतदाता सूची में निबंधित 72 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग का कार्य बीएलओ एप के माध्यम से पूरा किया जा चुका है.
श्री के रवि कुमार ने कहा कि गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ घर-घर जाएंगे और एक स्टीकर चिपकाएंगे. इस स्टीकर पर बीएलओ का मोबाईल नंबर के साथ-साथ मतदाता का मकान संख्या या मकान का नोशनल नंबर अंकित रहेगा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह वर्ष एक विशेष उपलब्धि का वर्ष है. भारत निर्वाचन आयोग को International Idea (International Institute for Democracy and Electoral Assistance) की अध्यक्षता करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है. भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने विगत तीन दिसम्बर 2025 को एक वर्ष के कार्यकाल के लिए विश्व के इस लोकतांत्रिक मंच के अध्यक्ष का प्रभार ग्रहण किया है. साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर झारखण्ड के पाकुड़ जिले को Best Election District Award के लिए चयनित किया गया है. यह हम सबों के लिए गौरव का विषय है. श्री के रवि कुमार ने सभी मतदाताओं से अपील की कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक समग्र एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के निर्माण के लिए अपनी सहभागिता अवश्य निभाएं.
वरिष्ठ मतदाता समेत उत्कृष्ट कार्यों के लिए किया गया सम्मानित
अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्र को दिए गए संदेश को दिखाया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा समापन भाषण एवं संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार द्वारा मतदाता शपथ का पाठ कराया गया. इस अवसर पर वरिष्ठ मतदाता के रूप में समदुलारी देवी, गीता मित्रा, एनीमुल्लाह, युवा मतदाता के रूप में अर्चित कुमार गोयल, सौरभ कुमार, अनुष्का गुप्ता, नेहा कुमारी करण कुमार साहू, ट्रान्सजेन्डर मतदाता के रूप में, नगमा रानी, गुड्डू सिंह को सम्मानित किए गए.
इस अवसर पर 2025 वर्ष में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त चन्दन कुमार, साहेबगंज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमन्त सती, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह संयुक्त सचिव सुबोध कुमार, गिरिडीह उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथु महतो, गढ़वा उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय, निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला सुनील चन्द्रा, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का कार्यालय चन्दन कुमार, आशुतोष रंजन को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी, विवेक कुमार सुमन, पी डब्लू डी आइकॉन झारखंड गोपिका आनन्द, एनएसएस के कैडेट, पार्टलतिभागियों के परिवारजन युवा, वर्षिष्ठ, दिव्यांग, ट्रांसजेंडर मतदाता उपस्थित थे.
