Patna: मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र स्थित चोरनिया में छापेमारी के दौरान पुलिस और ग्रामीणों में झड़प के दौरान हवाई फायरिंग में 60 साल के बुजुर्ग के सीने में गोली लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया निवासी जगत वीर राय के रुप में की गई है. वही गायघाट थानाध्यक्ष राजा सिंह, अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, दो गृह रक्षक जवान घायल हुए है. जिसका मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच में उपचार चल रहा है. मामले को लेकर थानाध्यक्ष राजा सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा पूरे मामले को लेकर ग्रामीण एसपी 24 घंटे के अंदर पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत रिपोर्ट मांगा है. पीड़ित के दिए गए आवेदन की भी जांच होगी. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस कैम्प कर रही है. लोग थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
फायरिंग करते हुए ग्रामीणों ने किया हमलाः पुलिस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गायघाट थाना (कांड सं0-343/23) में दर्ज पॉक्सों एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित मामले के प्राथमिकी अभियुक्त भीखारी राय एवं अन्य को रात में गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम छापामारी करने गई थी. छापामारी के दौरान आरोपी ने हल्ला कर ग्रामीणों को एकत्रित कर पुलिस पर भारी पथराव कर लाठी-डंडा एवं फायरिंग करते हुए हमला कर दिया. प्राप्त सूचनानुसार छापामारी दल पर आरोपी पक्षों ने फायरिंग किया. पुलिस ग्रामीणों के भीड़ में फंस जाने एवं जानमाल की सुरक्षा के लिए थानाध्यक्ष राजा सिंह द्वारा आत्मरक्षार्थ हवाई फायरिंग करते हुए किसी तरह जान बचाकर वहां से अपने पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ निकल पाए. जख्मी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को इलाज के लिए भेजा गया. इनमें थानाध्यक्ष गायघाट राजा सिंह, अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार थाना एवं दो गृह रक्षक के जवान घायल हो गये जिसका उपचार एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर में चल रहा है. ग्रामीण जगत वीर राय को गोली लगने से मृत्यु होने की सूचना है.
