Patna: कार्यपालक पदाधिकारी के रोसड़ा स्थित कार्यालय और पटना में आवास निगरानी का छापा में भारी मात्रा में नगदी, ज्वेलरी और डीड बरामद किया गया है. बुधवार को निगरानी के छापेमारी में 10,50,600 नगद, 27,30,297 ज्वेलरी, प्राथमिकी में दर्ज जमीन का 11 डीड के अलावा 3 अन्य डीड, विभिन्न इंश्योरेंस कम्पनी में निवेश के कागजात, एक ईनोवा कार, एक स्वीफ्ट डिजायर कार, 1 बैंक का पासबुक बरामद किया गया है. निगरानी की टीम नगर परिषद रोसड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी उपेन्द्र नाथ वर्मा के पटना के राजीवनगर आशियाना फेज-2 स्थित आवास, रोसड़ा स्थित आवास और कार्यालय में बुधवार को छापेमारी की थी.
निगरानी थाना (काण्ड सं0-099/25) में उपेन्द्र नाथ वर्मा के विरूद्ध आय से अधिक संपत्ति का दर्ज मामले में यह कार्रवाई की गई है. कार्यपालक पदाधिकारी उपेन्द्र नाथ वर्मा के विरुद्ध 1,16,90,319 रूपया का प्रत्यानुपातिक धनार्जन का मामला दर्ज है. जो उनकी कुल ज्ञात आय से करीब 86.3% अधिक है. अनुसंधान के क्रम में विशेष न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आलोक में यह कार्रवाई की गई है. प्राप्त कागजातों का विश्लेषण किया जा रहा है. तलाशी एवं अनुसंधान कार्य जारी है.
